देहरादून। रेसकोर्स वैली स्थित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सोसाइटी के वरिष्ठतम महिला व पुरुष निवासियों द्वारा सामूहिक रूप से ध्वजारोहण कर की गई, जिसके उपरांत उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और नृत्यों की जोशीली प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सोसाइटी के सचिव डॉ. डी.डी. मित्तल ने अपने संबोधन में परिसर को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गाथाओं से परिचित कराने का आह्वान करते हुए आगामी वर्ष में सोसाइटी को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में श्रीमती सीमा जोशी ने नए भारत के निर्माण पर विचार रखे, वहीं श्रीमती आशा टम्टा ने भी अपने प्रेरक विचार साझा किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा श्रीमती परनिता मित्तल, सिम्मी भल्ला, आशा टम्टा और मोना अग्रवाल के संयोजन में तैयार की गई। मंच का कुशल संचालन श्रीमती मोना अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित निवासियों के लिए चाय व मिष्ठान का प्रबंध रहा, वहीं श्रीमती विमला मित्तल, वीना जी एवं श्रीमती अग्रवाल द्वारा बच्चों को चॉकलेट वितरित की गईं।
सोसाइटी अध्यक्ष श्री हरजीत सिंह भल्ला, श्री रुपेश मित्तल एवं समस्त कार्यकारिणी ने सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग टीम सहित सभी सहयोगियों व निवासियों का आभार व्यक्त किया।