उत्तराखंड राजनीति

भाजपा ने गढ़वाल में कसी कमर: सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज का मसूरी दौरा, संगठनात्मक तैयारियों को दी धार

मसूरी/देहरादून:
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गढ़वाल क्षेत्र के संगठनात्मक दायित्व की कमान संभालने के बाद भाजपा की राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज का उत्तराखंड दौरा इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। सह-प्रभारी बनने के बाद अपने पहले दौरे के तहत बांसुरी स्वराज पर्यटन नगरी मसूरी पहुंचीं, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस विशेष दौरे के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की पुत्री एवं ‘भारत के पहले लेखक गांव’ की निदेशक विदुषी निशंक ने बांसुरी स्वराज का अभिनंदन किया। इस औपचारिक मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के विभिन्न समसामयिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
दौरे के दौरान बांसुरी स्वराज ने न केवल संगठन की जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की, बल्कि गढ़वाल क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों और परिस्थितियों को भी बारीकी से समझा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड की राजनीति में गढ़वाल मंडल की भूमिका हमेशा से निर्णायक रही है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर केंद्रित है।
अपने इस दौरे से बांसुरी स्वराज ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भाजपा चुनाव से काफी पहले ही गढ़वाल क्षेत्र में अपनी पकड़ को और अधिक पुख्ता करने के मूड में है। आगामी दिनों में पार्टी की ओर से इस क्षेत्र में कई अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।

Similar Posts