Latest News उत्तराखंड दिल्ली/NCR नई दिल्ली राजनीति

उत्तराखंड में तीसरी बार भी बनेगी भाजपा की सरकार: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड को दी 1,474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देहरादून के परेड मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र सरकार भी राज्य के विकास में हरसंभव सहयोग कर रही है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड चारधाम, हेमकुंड साहिब और हरिद्वार जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के कारण विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत देश के लिए महत्वपूर्ण है।

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और राज्य निर्माण के लिए अपना योगदान देने वाले सभी लोगों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लेने की बात कही।

केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य की जीएसडीपी में लगभग 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने औद्योगिक निवेश, आधारभूत ढांचे के विकास और रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके साथ ही प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 35 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

अमित शाह ने ऑल वेदर रोड सहित विभिन्न सड़क एवं आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों और ऑपरेशन सिंदूर तथा सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के मामले सामने आए।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए अमित शाह ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही यात्रा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रदेश को देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने तथा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर को लेकर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान से जुड़े विषयों पर सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने खनन क्षेत्र में केंद्र के सहयोग, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और समान नागरिक संहिता लागू करने सहित राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से 1,474 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

Similar Posts