Latest News उत्तराखंड देहरादून

विकास योजनाओं और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए मुख्यमंत्री ने दी ₹78.18 करोड़ की वित्तीय मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने, आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए कुल ₹78.18 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

स्वीकृत धनराशि से प्रदेश के कई जिलों में सड़क सुधार, चौड़ीकरण और डामरीकरण के कार्य किए जाएंगे। इसके तहत अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग (डोटियाल से चम्पानगर) के सुधारीकरण के लिए ₹7.57 करोड़ तथा रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए ₹6.20 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के 13 से 16 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹7.29 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹36.12 लाख की मंजूरी दी गई है।

बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग (कर्मी से विनायकधार) के 21.500 से 30.050 किलोमीटर हिस्से में बीएम/बीसी तकनीक से सड़क सुधारीकरण के लिए ₹9.86 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अलावा हरिद्वार में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में अस्थायी पाइपलाइन बिछाने, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, अस्थायी जल संयोजन और वाटर फिल्टर स्थापित करने सहित संबंधित कार्यों के लिए ₹3.68 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है।

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को मिलेगी गति

आगामी कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में कई विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है। इनमें वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, आपूर्ति और स्थापना के लिए ₹4.43 करोड़, भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए ₹3.43 करोड़ तथा शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए ₹7.35 करोड़ शामिल हैं।

इसके साथ ही कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मशीनरी, उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद हेतु पुलिस महानिदेशक के स्तर पर ₹10 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वहीं, ऊधम सिंह नगर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत और अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए ₹18 करोड़ आवंटित करने की भी मंजूरी दी गई है।

इन वित्तीय स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क और पेयजल सुविधाओं के विकास के साथ आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने तथा कुंभ मेला 2027 के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Similar Posts