मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाना बेहद आवश्यक है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और उनका विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों के विकास में इसी तरह सहयोग करती रहेंगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
