Latest News उत्तराखंड देहरादून राजनीति सक्सेस स्टोरी

संविधान दिवस पर सीएम धामी ने की तीन बड़ी घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि अभियोजन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को भी इन कानूनों के प्रावधानों और महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इसके अलावा प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इन पहलों से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ राज्य की अभियोजन व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। साथ ही उत्तराखंड अभियोजन पत्रिका और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करें और तथ्यों को न्यायालय के सामने निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करें। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

सीएम धामी ने प्रदेश में कानून का शासन स्थापित करने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून तभी प्रभावी होता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित किया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

Similar Posts