उत्तराखंड राजनीति

मसूरी में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत, गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाने पर बढ़ा विवाद

‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ प्रदर्शन के दौरान हंगामा, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल से मारपीट का आरोप; दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

मसूरी। उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में राजनीतिक विरोध उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के काफिले के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। जॉर्ज एवरेस्ट स्थित हाथीपांव में कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ कार्यक्रम के तहत धरना देने जा रहे गणेश गोदियाल के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई।

घटना के दौरान मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनके समर्थकों ने रजत अग्रवाल पर हमला किया। आरोप है कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़े गए और उनके साथ मारपीट भी की गई।

काले झंडे दिखाने के दौरान बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाकर अपना विरोध जता रहे थे। इसी बीच दोनों दलों के समर्थकों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।

अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को संभालने के लिए मसूरी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल बन गया।

भाजपा ने लगाया राजनीतिक गुंडागर्दी का आरोप

घटना को लेकर मसूरी भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार की कड़ी निंदा की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेता शहर में राजनीतिक गुंडागर्दी को बढ़ावा देकर मसूरी का शांतिपूर्ण माहौल खराब करना चाहते हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ कथित मारपीट पर नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया बौखलाहट का आरोप

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखकर भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा कि बेवजह के आरोप लगाकर प्रदर्शन को मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती

राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस घटनाक्रम के बाद मसूरी में दोनों दलों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। एक ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट के आरोपों को लेकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर प्रदर्शन बाधित करने का आरोप लगाया है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस के सामने शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

Similar Posts