Breaking News
Latest News उत्तरप्रदेश

राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलन के अमर शहीदों को किया नमन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक संघर्ष और दृढ़ संकल्प से पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ ही विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar Posts