देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की परियोजनाओं पर काम तेज किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और अगले एक महीने के भीतर कुछ परियोजनाओं का काम धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को स्थानीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। इन योजनाओं का उद्देश्य पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना भी है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की योजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत और हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास में 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में 45 प्रतिशत प्रगति हुई है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का काम भी क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के लिए 3,456 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जानकी झूला के निकट एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसके जून 2027 तक तैयार होने की संभावना है। इसके अलावा त्रिवेणी घाट के विकास, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पैदल पुल निर्माण की योजनाएं भी संचालित हैं। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग तथा पर्यटक सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की योजनाएं क्रियान्वयन में हैं। 85.23 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना में 30 प्रतिशत और शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण में 13 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। वहीं, टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है।
तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम चल रहा है। अनुमान है कि इनके माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है।
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके साथ साहसिक पर्यटन को व्यवस्थित बनाने, निजी निवेश आकर्षित करने और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रदीप बत्रा, विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
