Latest News अन्य उत्तरप्रदेश दिल्ली/NCR देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अहमदाबाद-अयोध्या के लिए हवाई सेवा को दिखाई हरी झंडी

 लखनऊ  – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अहमदाबाद-अयोध्या के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। अयोध्या-अहमदाबाद के बीच नई हवाई सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उड़ान सेवा से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या, हवाई सेवा द्वारा, सीधे अहमदाबाद से जुड़ गयी है। अयोध्या से दिल्ली के बाद अहमदाबाद दूसरा कनेक्टेड स्थल है। आगामी 15 जनवरी से मुम्बई के लिए उड़ान सेवा आरम्भ हो जाने के पश्चात मुंबई तीसरा कनेक्टेड स्थल हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने बेहतर हवाई सेवाओं को पर्यटन और व्यापार की गतिविधियों को इससे बड़ा प्रोत्साहित करने वाला बताया। प्रदेश में बेहतर होती हवाई सेवाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या 59.97 लाख थी, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में बढ़कर 96.02 लाख हो गयी। विगत 03 वर्षों में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या में 29.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में 05 वर्ष पहले तक एक छोटी सी एयरस्ट्रिप थी लेकिन आज वहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहा है। आज हर व्यक्ति अयोध्या आने का इच्छुक है। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप सरकार ने सड़क, रेल और वायु मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए 821 एकड़ की भूमि राज्य सरकार ने उपलब्ध कराई और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने समयबद्धता के साथ विश्वस्तरीय एयरपोर्ट तैयार कराया।उत्तर प्रदेश में इंडियो एयरलाइन्स की उपस्थिति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिगो द्वारा उत्तर प्रदेश के 08 नगरों लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बरेली तथा अयोध्या से उड़ान सुविधा दी जा रही है। इसमें लगातार बढोतरी भी हो रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ान वर्ष 2009 में प्रारम्भ हुई। वर्तमान में 13 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 84 उड़ानें प्रतिदिन उपलब्ध हैं।

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *